Breaking News

शाहजहाँपुर में 1 किलो से अधिक अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 1.023 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस टीम को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लखनऊ–बरेली हाईवे से सराय कांइया जाने वाले मार्ग पर हाईवे से लगभग 10 मीटर दूर एक बंद दुकान के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभु शाह (55 वर्ष) पुत्र जगन्नाथ निवासी ग्राम बैरिया बिरता थाना पौखरिया जिला पर्सा (मधेश प्रदेश, नेपाल) व हाल निवासी ग्राम झज्जरी थाना इनरवा जिला पश्चिमी चम्पारण (बिहार) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान उसके पास से 1.023 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इस संबंध में थाना रामचन्द्र मिशन में मु0अ0सं0 48/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह अफीम बिहार के मोतिहारी से लाकर बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के नगरिया विक्रम निवासी राजू नामक व्यक्ति को देने जा रहा था। इसके बदले उसे 10 हजार रुपये मिलने थे।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक सचिन भारती, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल लवकुश की पुलिस टीम शामिल रही।

Post a Comment

0 Comments