शाहजहाँपुर।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में जिला पूर्ति अधिकारी एवं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बिक्री प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सतकरतार इंडेन गैस एजेंसी टाउनहॉल, रोहित इंडेन गैस एजेंसी तथा शाहजहाँपुर गैस एजेंसी केरूगंज का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में किसी भी गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर के स्टॉक में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी एजेंसियों पर गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। हालांकि कुछ उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी न होने के कारण समस्या सामने आई, जिस पर मौके पर ही उपभोक्ताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र ई-केवाईसी कराने के लिए जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि गैस बुकिंग के दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (इंडेन) के सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण बुकिंग की गति प्रभावित हुई है, जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) और भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के सर्वर सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। ऑयल कंपनियों द्वारा पूर्व में एक वित्तीय वर्ष में 15 गैस रिफिल की अनुमति दी जाती थी, जिसे अब नई व्यवस्था के तहत पिछली बुकिंग के 25 दिन बाद दोबारा बुकिंग करने की अनुमति दी गई है।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी ई-केवाईसी पूर्ण कराकर नियमानुसार गैस की ऑनलाइन बुकिंग करें और रिफिल प्राप्त करें। साथ ही बताया गया कि 10 मार्च से अब तक गैस बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को कुल 26,037 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जा चुकी है।
जिलाधिकारी द्वारा गैस सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी, भंडारण और अवैध बिक्री पर नजर रखने के लिए तहसील और नगर स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी या अवैध बिक्री में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments