स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर।
भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत जनपद में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के क्रम में द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण सत्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 104 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाना है। प्रथम चरण में 80 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण 20, 21 एवं 22 मार्च को कराया जा रहा है, जबकि शेष 24 ट्रेनरों का प्रशिक्षण द्वितीय चरण में 23, 24 एवं 25 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण सत्र अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशन एवं उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को मकानों की क्रमबद्ध नंबरिंग की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि मकानों की नंबरिंग उत्तर-पश्चिम दिशा से प्रारंभ कर दक्षिण-पश्चिम दिशा तक की जाएगी, जिससे गणना कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि जनगणना कार्य मानचित्रों के आधार पर किया जाएगा, जिसमें तालाब, विद्यालय, मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा, कुआं, नलकूप, बगीचा, खाली स्थान, झोपड़ी एवं सड़कों सहित रेलवे लाइन आदि का स्पष्ट अंकन किया जाएगा।
फील्ड कर्मचारियों को निर्धारित लेआउट के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए। एन्यूमरेटर द्वारा प्रत्येक ग्राम का भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मकान या परिवार गणना से वंचित न रहे। इसके बाद सुपरवाइजर द्वारा स्थल निरीक्षण कर कार्य का सत्यापन किया जाएगा, जिससे सभी विवरण पूर्णतः सही एवं त्रुटिरहित रहें।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान भवनों एवं परिवारों की सटीक गणना सुनिश्चित की जाए। समस्त कार्यवाही जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशन में व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जा रही है।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।
0 Comments