ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
Sakran / Sitapur। ब्लॉक सकरन के रेउसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मानपुर सीकरी के मजरा लोनियन पुरवा में मंगलवार सुबह एक हिस्ट्रीशीटर का शव पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने गांव के पास एक पेड़ से युवक का शव लटकता देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही रेउसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान लोनियन पुरवा निवासी रामजीवन उर्फ बुचऊ के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक एक हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
रेउसा थाना प्रभारी के अनुसार, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।”
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। यह आत्महत्या है या हत्या, इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
0 Comments