शाहजहांपुर। जनपद में गेहूं की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़ों के संकलन के तहत अधिकारियों द्वारा खेतों में जाकर फसल की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड भावलखेड़ा के ग्राम पंचायत सल्लिया में गेहूं की फसल कटाई का निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर सांख्यिकी अधिकारी चकलेश्वर सिंह के नेतृत्व में टीम ने किसान अनुराग कुमार के खेत में क्रॉप कटिंग कराई। इसके लिए 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 10×10×10 मीटर का समबाहु त्रिभुज प्लॉट बनाकर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से फसल का परीक्षण किया गया।
क्रॉप कटिंग के बाद गेहूं की पिटाई कर तौल कराई गई, जिसमें 23.09 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ। इस प्रक्रिया के माध्यम से फसल की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया जाता है, जिससे कृषि संबंधी योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में सहायता मिलती है।
अपर सांख्यिकी अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसलों का बीमा एवं किसान पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कानूनगो अवधेश बाजपेई, लेखपाल अखलेश कुमार, बीमा कंपनी के जिला समन्वयक समी आलम, अभिषेक सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
0 Comments