Breaking News

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नगर निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 25 अप्रैल। 

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा स्वीकृत राज्य सेक्टर की 109 सड़कों, 11 नालों एवं जल निकास कार्यों की प्रगति, लोहारो चौराहा चौड़ीकरण एवं हीट वेव से बचाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शासन से स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर पेयजल एवं गैस पाइपलाइन डालने का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन पर हॉट मिक्स से सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से पहले और पूर्ण होने के बाद फोटो एवं वीडियोग्राफी कराई जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नाला निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मई माह तक सभी निर्माण कार्य पूर्ण करा लिए जाएं। साथ ही सभी निर्माण कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

लोहारो चौराहे के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिए कि निर्माण कार्य 15 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को भी ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग एवं अंडरग्राउंड विद्युत लाइन डालने का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि सैटलाइट बस अड्डे पर हाई मास्ट लाइट लगवाई जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

हीट वेव से बचाव के लिए नगर निगम को निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा पाइपलाइन से सप्लाई होने वाले पानी की गुणवत्ता की भी जांच कराई जाए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने नगर निगम को सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को अभियान चलाकर पकड़ने तथा नगर क्षेत्र में 10 से अधिक भैंस पालने वालों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments