Breaking News

डीएलएसए का 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर किया गया जागरूक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन विनोबा सेवा आश्रम में आयोजित विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर के साथ हुआ। कार्यक्रम में स्वामी शुकदेवानन्द विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अपेक्षा सिंह ने "वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं उनका भरण-पोषण" विषय पर जानकारी देते हुए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रमुख प्रावधानों तथा वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के कमजोर एवं उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विनोबा सेवा आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनके जीवन अनुभवों को भी जाना।

बताया गया कि दीप जन कल्याण समिति (बरेली) द्वारा संचालित विनोबा सेवा आश्रम में वर्तमान समय में 76 वरिष्ठ नागरिक (34 महिलाएं एवं 42 पुरुष) निवासरत हैं।

कार्यक्रम के समापन पर सचिव अपेक्षा सिंह ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों ने भी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं प्रशिक्षण से जुड़े सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 37 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। महाविद्यालय स्तर पर कार्यक्रम का समन्वयन इंटर्नशिप समन्वयक प्रदीप कुमार सिंह ने किया।

डीएलएसए के अनुसार यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए विधिक ज्ञान, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।

Post a Comment

0 Comments