Breaking News

शाहजहाँपुर में जुलाई से दिसंबर तक सम्पूर्ण समाधान दिवस का रोस्टर जारी, प्रथम व तृतीय शनिवार को होगा आयोजन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जनसमस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए जुलाई से दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का रोस्टर जारी कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों में प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं लाभार्थियों को लाभ दिलाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान वित्तीय साक्षरता अभियान, डिजिटल धन मेला, किसान क्रेडिट कार्ड, स्टैंड-अप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री किसान एवं सर्वहित बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं ऋण वितरण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी को जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि सम्पूर्ण समाधान दिवस समाप्त होने के बाद जिला विकास अधिकारी द्वारा चयनित किसी एक ग्राम का निरीक्षण भी किया जाएगा।

विशेष व्यवस्था

  • 15 अगस्त 2026 (स्वतंत्रता दिवस) के राष्ट्रीय अवकाश के कारण तृतीय शनिवार का सम्पूर्ण समाधान दिवस 17 अगस्त 2026 (सोमवार) को आयोजित होगा।
  • 19 दिसंबर 2026 (शहीद दिवस) के स्थानीय अवकाश के कारण तृतीय शनिवार का सम्पूर्ण समाधान दिवस 21 दिसंबर 2026 (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन के निर्देशों के अनुरूप शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट को उपलब्ध कराई जाए तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Post a Comment

0 Comments