Breaking News

जिला कारागार शाहजहाँपुर में शिक्षा से बदल रही बंदियों की जिंदगी, साक्षर बंदियों को मिले प्रमाण-पत्र

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिला कारागार शाहजहाँपुर में बंदियों के पुनर्वास एवं व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शिव नादर फाउंडेशन के सहयोग से संचालित "शिक्षा प्लस" कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षर हुए बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही कार्यक्रम के दूसरे चरण में पंजीकृत नए बंदियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा यात्रा का शुभारंभ कराया गया।

जेल प्रशासन के अनुसार 17 जनवरी 2026 से 6 मई 2026 तक संचालित कार्यक्रम का उद्देश्य निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा आत्मनिर्भर जीवन के लिए तैयार करना है। प्रथम बैच में 35 बंदियों ने पंजीकरण कराया था, जिन्होंने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। इन सभी को जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

वहीं कार्यक्रम के दूसरे बैच में पंजीकृत 30 नए बंदियों को पठन-पाठन किट वितरित कर शिक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ कराया गया।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सकारात्मक परिवर्तन का केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह सशक्त माध्यम है जो व्यक्ति में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और नई सोच का संचार करती है। यदि कोई बंदी शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन की नई शुरुआत करना चाहता है तो उससे बड़ा पुनर्वास कोई नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि जिला कारागार प्रशासन प्रत्येक इच्छुक बंदी तक शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान बंदियों में शिक्षा के प्रति विशेष उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। जिला कारागार प्रशासन ने शिव नादर फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयास बंदियों के पुनर्वास, व्यक्तित्व विकास तथा समाज में सम्मानजनक पुनर्स्थापन की दिशा में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होंगे।

इस अवसर पर शिव नादर फाउंडेशन के डिप्टी मैनेजर मनोज शुक्ला, सुबाष चंद यादव, प्रभारी कारापाल बांकेलाल, उपकारापाल मयंक चतुर्वेदी, शिक्षा प्रशिक्षक सहित जिला कारागार के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments