Breaking News

चुन्नूखेड़ा में सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, महिलाओं ने पुलिस पर भी लगाए अनदेखी के आरोप

 

संवाददाता लखनऊ ✍️

लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र की हँसखेड़ा चौकी अंतर्गत चुन्नूखेड़ा इलाके में सरकारी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बुधवार को 200 से अधिक लोग वकीलों के भेष में मौके पर पहुंचे और विवादित भूमि पर जबरन कब्जा कराने का प्रयास किया।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि कब्जे का विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। आरोप है कि एक दिन पहले भी कब्जे का विरोध कर रहे लोगों के साथ मारपीट की घटना हुई थी।

पीड़ितों के अनुसार खसरा संख्या 2755 एवं 2760 सरकारी अभिलेखों में नगर निगम की भूमि दर्ज है। इस संबंध में पूर्व में तत्कालीन लेखपाल अनुपम कुमार द्वारा पारा थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले की जानकारी के बावजूद वर्तमान लेखपाल अरविन्द गौतम से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं पीड़ित महिलाओं ने पारा पुलिस पर भी उनकी शिकायतों को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया है।

क्षेत्र में बढ़ते विवाद को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से बचाने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Post a Comment

0 Comments