Breaking News

केजीएमयू में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से पंप ऑपरेटर की मौत, जांच में जुटी पुलिस

 


जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ। थाना चौक क्षेत्र स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) परिसर में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से एक पंप ऑपरेटर की मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच एवं वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि राहुल गौतम (25 वर्ष) पुत्र रमेश गौतम, निवासी ग्राम लीलाखेड़ा, थाना दुबग्गा, जनपद लखनऊ, केजीएमयू में गोविंद फायर सर्विसेज के अंतर्गत पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान वे विद्युत करंट की चपेट में आ गए।

घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस बीच कुछ साथी कर्मचारियों ने घटना में लापरवाही का आरोप लगाते हुए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक समझाने में जुटी रही।

पुलिस के अनुसार कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा जांच में प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सच की आवाज वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments