Breaking News

सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर यातायात पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल

 

स्टेट ब्यूरो हेड : योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 13 जून 2026। जनपद शाहजहाँपुर की यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की तत्परता से सहायता कर कर्तव्यनिष्ठा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में जनपद में यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मिश्रीपुर ढाबा के निकट एक ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा सर्विस रोड से मुख्य मार्ग पर आते समय अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार चार लोग घायल हो गए, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

घायलों में शांति देवी निवासी बिरवामई थाना कांट, गोविंद त्रिवेदी निवासी शंकरपुर जनपद हरदोई, नीरज एवं अर्चना निवासी गुलामखेड़ा थाना तिलहर शामिल हैं। दुर्घटना में शांति देवी के पैर और गोविंद त्रिवेदी के हाथ में गंभीर चोटें आईं।

इसी दौरान ड्यूटी एवं चेकिंग के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रहे प्रभारी निरीक्षक यातायात बच्चू सिंह की नजर दुर्घटना पर पड़ी। उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाकर घायलों की सहायता शुरू कर दी। यातायात उपनिरीक्षक विनय पाण्डेय ने तुरंत थाना रामचंद्र मिशन पुलिस को सूचना दी तथा आरक्षी मनोज कुमार के सहयोग से दो ई-रिक्शों की व्यवस्था कर चारों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया तथा उनके परिजनों को घटना की सूचना देकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

यातायात पुलिस का यह सराहनीय कार्य पुलिस की संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्तियों की यथासंभव सहायता करें तथा तत्काल डायल 112 और एम्बुलेंस सेवा 108 को सूचना दें। समय पर दी गई मदद किसी की जान बचा सकती है।

(सच की आवाज़ वेब न्यूज़)

Post a Comment

0 Comments