Breaking News

अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, क्लीनिक सील, संचालक पर एफआईआर दर्ज

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। जनपद के तुलसीपुर क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित एक कथित अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। मामले में क्लीनिक संचालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ तुलसीपुर स्थित 'नारायण क्लीनिक' पर औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान क्लीनिक संचालक चिकित्सा व्यवसाय से संबंधित वैध पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में नियमों के उल्लंघन और कथित रूप से अवैध चिकित्सा संचालन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, फर्जी अस्पताल एवं झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में क्लीनिक संचालक के विरुद्ध तुलसीपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने सभी चिकित्सा संस्थानों को अपने पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की चेतावनी दी है।

Post a Comment

0 Comments