Breaking News

यातायात पुलिस का विशेष अभियान, अवैध अतिक्रमण हटाया, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 07 जुलाई 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटवाया तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेन्द्र कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस ने थाना सदर बाजार एवं कोतवाली क्षेत्र के खिरनी बाग चौराहे से अन्टा चौराहा होते हुए बेरी तिराहा तक अभियान चलाया।

अभियान के दौरान अस्पतालों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने मुख्य मार्गों पर किए गए अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। सड़क तक फैले सामान, अवैध ठेले तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया गया।

इसके साथ ही नो-पार्किंग जोन एवं सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।

यातायात पुलिस ने कहा कि इस अभियान से प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या में राहत मिली है तथा शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु हुई है। जनहित में ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

प्रभारी निरीक्षक यातायात ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें तथा दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनी रहे।

Post a Comment

0 Comments