Breaking News

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा सम्मानित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहाँपुर द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा को उनके उत्कृष्ट स्वास्थ्य प्रबंधन एवं जनसेवा के लिए सम्मानित किया गया। रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, पुष्पमाला, रेड क्रॉस मेडल, स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

प्रशस्ति-पत्र में डॉ. विवेक कुमार मिश्रा द्वारा जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य विभाग और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के बीच उत्कृष्ट समन्वय स्थापित करने की सराहना की गई।

सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी मानवता, सेवा और समर्पण का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, आपदा राहत एवं जन-जागरूकता जैसे कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी हैं और भविष्य में भी स्वास्थ्य विभाग एवं रेड क्रॉस मिलकर जनहित में कार्य करते रहेंगे।

रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से जनपद में अनेक स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हुए हैं। उनके सहयोग से रेड क्रॉस की मानवीय सेवाओं को नई ऊर्जा और व्यापक जनविश्वास प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. विवेक कुमार मिश्रा की जनस्वास्थ्य के प्रति समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसाइटी के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ. उस्मान अली खान, डॉ. मसरूर अहमद, डॉ. मुजीब खान, सीटू जिलाध्यक्ष मुरारी दीक्षित, टीवी क्लिनिक के आशीष श्रीवास्तव, ओम जन कल्याण विकलांग समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण पांडे, बृजेश गुप्ता, रवि बाबू, अवनीश सक्सेना, नवजोत सिंह सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के अनेक आजीवन सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments