स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 17 दिसंबर।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत थाना निगोही पुलिस द्वारा एक सराहनीय, संवेदनशील एवं मानवीय कार्य किया गया। रात्रि गश्त के दौरान मानसिक रूप से विक्षिप्त अवस्था में मिली एक महिला को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर पहचान सुनिश्चित करते हुए परिजनों से सकुशल मिलाया गया।
पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के क्रम में तथा पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में दिनांक 16.12.2025 को थाना निगोही की मिशन शक्ति टीम द्वारा बीट पुलिसिंग के दौरान कस्बा निगोही स्थित हमजापुर चौराहे पर रात्रि लगभग 9:00 बजे एक महिला को मानसिक विक्षिप्त अवस्था में पाया गया। महिला अपना नाम एवं पता बताने में असमर्थ थी।
रात्रि का समय एवं महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे तत्काल थाना निगोही स्थित मिशन शक्ति केंद्र में सुरक्षित बैठाया गया। तत्पश्चात थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं संभ्रांत व्यक्तियों को महिला का फोटो भेजकर पहचान के प्रयास किए गए। अथक प्रयासों के उपरांत महिला की पहचान कौशिल्या पत्नी रामौतार, निवासी ग्राम ककरौआ, थाना निगोही, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई।
पहचान होने पर महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया तथा उसी रात लगभग 10:30 बजे थाना मोबाइल के माध्यम से महिला को उसके ससुर किशन लाल (उम्र लगभग 60 वर्ष) एवं पुत्री सुमन (उम्र लगभग 17 वर्ष) के सकुशल सुपुर्द किया गया। महिला को सुरक्षित एवं सकुशल पाकर परिजनों द्वारा अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा पुलिस टीम के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया गया।
आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के उपरांत महिला को परिजनों के सुपुर्द किया गया। थाना निगोही पुलिस की इस संवेदनशील एवं तत्पर कार्यवाही से समाज में सुरक्षा एवं पुलिस के प्रति विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है।
साथ ही महिला की पुत्री सुमन को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—
1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 102/108 (स्वास्थ्य एवं एम्बुलेंस सेवा) तथा सभी थानों पर स्थापित महिला शक्ति केंद्रों की जानकारी प्रदान की गई।
0 Comments