शाहजहाँपुर, 13 दिसंबर 2025 — जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जलालाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कूटरचित आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाणपत्र तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों को भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेजों एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद के पर्यवेक्षण में, प्रभारी तहसीलदार जलालाबाद एवं नायब तहसीलदार के साथ संयुक्त रूप से की गई।
दिनांक 12 दिसंबर 2025 को उपजिलाधिकारी जलालाबाद को सूचना मिली कि ग्राम पल्हरई में कोटेदार के घर पर फर्जी आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे हैं और इनका उपयोग सरकारी योजनाओं में किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कोटेदार श्रीमती आरती देवी के घर पर दबिश दी।
मौके पर एक कमरे में लैपटॉप, प्रिंटर, फिंगरप्रिंट व आइरिस स्कैनर, वेब कैमरा आदि उपकरण चालू अवस्था में पाए गए। दो व्यक्ति दस्तावेज तैयार करते हुए पकड़े गए, जबकि एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि फरार व्यक्ति गुड्डू राठौर, कोटेदार का पति है, जिसके पास थम्बप्रिंट क्लोन था और उसी की मदद से फर्जी दस्तावेज बनाए जाते थे। प्रति आधार कार्ड ₹200 में सौदा तय था।
पुलिस ने मौके से लैपटॉप, प्रिंटर, तीन मोबाइल फोन, फिंगरप्रिंट स्कैनर, आइरिस स्कैनर, वेब कैमरा, फर्जी आधार स्लिप, कूटरचित जन्म प्रमाणपत्र, व्हाट्सएप चैट व सीएससी कार्ड बरामद किए।
थाना जलालाबाद में मु0अ0सं0 596/2025, धारा 318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
शाहजहाँपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फर्जी दस्तावेज, ऑनलाइन प्रलोभन, ओटीपी, बैंक खाता या नौकरी से जुड़े किसी भी ऑफर से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
0 Comments