सकरन/सीतापुर | ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। सीतापुर जनपद के सभी 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों पर संविदा कर्मचारियों ने एकजुट होकर 29 नवम्बर 2025 को जारी कार्यवृत्त की प्रतियों का दहन किया।
कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन ने अपने ही आदेशों का उल्लंघन करते हुए लगभग 15 हजार आउटसोर्स कर्मियों की छंटनी, वेतन निर्धारण में देरी, मार्च 2023 में हटाए गए कर्मचारियों की बहाली न करने, घायल कर्मचारियों के इलाज भुगतान में लापरवाही तथा ईपीएफ-ईएसआई जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा है।
संगठन के अनुसार, 26 नवम्बर 2025 को शक्ति भवन लखनऊ में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी थी। इनमें 55 वर्ष के आधार पर हटाए गए अनुभवी कर्मचारियों की पुनः तैनाती, वर्टिकल व्यवस्था में छंटनी न करना, मार्च 2023 में हटाए गए कर्मचारियों की वापसी, घायल कर्मियों के उपचार खर्च का भुगतान तथा मीटर रीडरों को न्यूनतम वेतन दिए जाने की जांच शामिल थी।
कर्मचारियों का कहना है कि 29 नवम्बर को जारी कार्यवृत्त बैठक में बनी सहमति के अनुरूप नहीं था। इसी के विरोध में 20 दिसम्बर 2025 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में प्रदर्शन कर कार्यवृत्त की प्रतियों का दहन किया गया।
सीतापुर में शाम चार बजे सभी संविदा कर्मचारी अपने-अपने उपकेंद्रों पर एकत्र हुए और नारेबाजी की। जिला संगठन मंत्री राहुल दीक्षित ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र अमल नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments