शाहजहाँपुर, 30 जनवरी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी / अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री रजनीश कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त किए जाने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 31.01.2026 (शनिवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान जनपद के समस्त विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थल प्रातः 11:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक खुले रहेंगे, जहाँ बी०एल०ओ० उपस्थित रहकर जनसामान्य से दावे/आपत्तियाँ प्राप्त करेंगे।
विशेष अभियान में वे सभी नागरिक जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा होने वाली है, अपने संबंधित मतदेय स्थल पर जाकर बीएलओ के पास आवेदन कर सकते हैं।
यदि किसी मतदाता के विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो उसका संशोधन भी कराया जा सकता है। जिन मतदाताओं के पास भरे हुए फार्म उपलब्ध हैं, वे अभियान दिवस पर अपने बूथ पर बीएलओ को जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान दिवस में जनपद के वे सभी विद्यालय जहाँ मतदेय स्थल स्थापित हैं, प्रातः 11:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक खुले रहेंगे तथा विद्यालयों के समस्त अध्यापक/अध्यापिकाएं उपस्थित रहकर क्षेत्र में भ्रमण कर अर्ह मतदाताओं से फार्म-6 भरवाने का कार्य करेंगे।
इसके अतिरिक्त, जनपद के समस्त विकास खण्डों में एक-एक सर्वाधिक मतदाता वाले मतदेय स्थल पर ब्लॉक प्रमुख तथा समस्त नगर निकायों में नगर अध्यक्ष के माध्यम से विशेष अभियान कार्यक्रम का शुभारम्भ कराया जाएगा। इन चिन्हित कार्यक्रम स्थलों पर जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
विशेष अभियान दिवस में सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ एवं सुपरवाइजर निर्धारित समय तक उपस्थित रहेंगे तथा उनके पास आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में आवेदन पत्र उपलब्ध रहेंगे।
बीएलओ एवं सुपरवाइजर अपने आवंटित मतदेय स्थलों पर विशेष रूप से फार्म-6 भरवाने के कार्य पर ध्यान देंगे।
इस अभियान को अधिक प्रभावी बनाने हेतु ग्राम प्रधान, कोटेदार एवं बीडीसी सदस्यों का सहयोग लिया जाएगा तथा नगर निगम एवं समस्त नगर निकायों में प्रचार वाहनों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जनसामान्य से अपील की गई है कि वे इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कर लोकतंत्र में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments