Breaking News

31 जनवरी को विशेष अभियान के तहत मतदेय स्थलों पर बीएलओ रहकर दावे/आपत्तियाँ करेंगे प्राप्त, कोटेदारों से सहयोग की अपील

 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 29 जनवरी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी / अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त किए जाने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दिन जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर प्रातः 11:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक बी०एल०ओ० उपस्थित रहेंगे तथा जनसामान्य से मतदाता सूची से संबंधित दावे/आपत्तियाँ प्राप्त करेंगे

विशेष अभियान के दौरान अर्ह नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाने के लिए फार्म-6 भरवाने, संशोधन एवं अन्य कार्यों हेतु कोटेदारों का सहयोग अपेक्षित है। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे जनपद के समस्त कोटेदारों से सहयोग हेतु अपील करें, ताकि अधिक से अधिक योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सकें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराएं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक सूचना एवं कार्यवाही हेतु अवगत करा दिया गया है।
साथ ही जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि इस अभियान का दैनिक समाचार पत्रों में निःशुल्क एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाए।



Post a Comment

0 Comments