सुधीर सिंह कुम्भाणी, ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर
सीतापुर जनपद के विकास खंड बिसवां अंतर्गत ग्राम पंचायत कल्याणपुर में सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर जांच के बाद संबंधित पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
लखवाबोझी निवासी छत्रपाल यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (संदर्भ संख्या 40015425083840) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत में पहले से निर्मित कंधई के मकान से तालाब तक बनी नाली को नया निर्माण दर्शाकर लगभग 4 लाख 25 हजार रुपये फर्जी माप पुस्तिका (एमबी) के जरिए आहरित किए गए। शिकायत में तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी उदय प्रताप सिंह और ग्राम प्रधान पर धनराशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया। जांच के उपरांत शिकायत को सही पाए जाने पर खंड विकास अधिकारी द्वारा 10 दिसंबर 2025 को उत्तर प्रदेश कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 के उल्लंघन के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि डेढ़ माह से अधिक समय बीतने के बावजूद अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने ग्राम पंचायत में मनरेगा, राज्य वित्त एवं 14वें और 15वें वित्त आयोग की धनराशि से कराए गए कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। आरोपों के अनुसार कहीं खेत समतलीकरण को तालाब दर्शाया गया तो कहीं तालाब को खेत दिखाया गया। साथ ही मानकविहीन इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण और गौशाला में मृत गौवंशों के नाम पर धन निकासी जैसी अनियमितताओं का भी उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता ने कैटल शेड निर्माण कार्यों की विस्तृत जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई न होने पर उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी। मामले में खंड विकास अधिकारी बिसवां से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अब स्थानीय प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments