Breaking News

फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर नगर निगम में समीक्षा बैठक, जनसहभागिता पर दिया गया विशेष जोर


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर, 29 जनवरी।

नगर निगम शाहजहांपुर के सभागार में माननीय महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा की अध्यक्षता में फाइलेरिया रोग के निदान एवं नियंत्रण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर आयुक्त महोदय, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा सम्मानित पार्षदगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र शाहजहांपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाना, कम कवरेज वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित करना तथा जनसहभागिता को सुदृढ़ करना रहा।

बैठक में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। लो-कवरेज क्षेत्रों में पार्षदों के सहयोग से अभियान को सशक्त करने, वार्ड चौपालों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता एवं जन-मोबिलाइजेशन बढ़ाने, शहर के एलईडी डिस्प्ले, वार्ड कार्यालयों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) सामग्री प्रदर्शित करने पर सहमति बनी।

इसके साथ ही एमडीए (Mass Drug Administration) राउंड तक निरंतर माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार, नगर निगम एवं माननीय महापौर के सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता, झुग्गी-झोपड़ी एवं स्लम क्षेत्रों में विशेष पहल तथा संपूर्ण अभियान की सतत निगरानी नगर आयुक्त महोदय द्वारा किए जाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा ने कहा कि “फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन का संयुक्त सहयोग अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम शाहजहांपुर इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।”
उन्होंने नागरिकों से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने एवं स्वस्थ शाहजहांपुर के निर्माण में सहयोग की अपील की।

बैठक में डॉ. मनोज मिश्रा (एनएसए), डॉ. नूपुर रायजादा (डीओ-पीसीआई), श्वेता सक्सेना (एसएमसी-पीसीआई) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments