Breaking News

राष्ट्रीय ओवरसीज छात्रवृत्ति योजना के तहत विदेश में उच्च शिक्षा का अवसर, पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित राष्ट्रीय ओवरसीज छात्रवृत्ति योजना (NOS) के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को विदेश में मास्टर एवं पीएचडी स्तर की उच्च शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। इस संबंध में जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों एवं छात्र-छात्राओं को सूचित किया गया है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह योजना विशेष रूप से अनुसूचित जाति, विमुक्त/घुमंतु एवं अर्ध-घुमंतु जनजाति, भूमिहीन कृषि मजदूर तथा पारंपरिक कारीगर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित की जा रही है, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिल सके।

सीटों का विवरण

योजनान्तर्गत प्रतिवर्ष कुल 125 छात्रवृत्तियाँ प्रदान की जाती हैं, जिनमें—

  • अनुसूचित जाति – 115
  • विमुक्त/घुमंतु एवं अर्ध-घुमंतु जनजाति – 06
  • भूमिहीन कृषि मजदूर/पारंपरिक कारीगर – 04

इसके अतिरिक्त, महिला अभ्यर्थियों के लिए 30 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। एक परिवार से अधिकतम दो बच्चों को ही योजना का लाभ दिया जाएगा तथा एक अभ्यर्थी को केवल एक बार छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

पात्रता शर्तें

अभ्यर्थी की आयु चयन वर्ष की 01 अप्रैल को 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। पारिवारिक वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। मास्टर व पीएचडी पाठ्यक्रम हेतु संबंधित अर्हक परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम इस योजना में मान्य नहीं हैं।

चयन प्रक्रिया

चयन उन्हीं अभ्यर्थियों का किया जाएगा जिनके पास क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग के अनुसार शीर्ष 500 विदेशी विश्वविद्यालयों में बिना शर्त प्रवेश प्रस्ताव (Offer Letter) उपलब्ध होगा। चयन प्रक्रिया दो चरणों में सम्पन्न होगी तथा मेधा सूची विश्वविद्यालय की रैंकिंग एवं शैक्षणिक अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। अंत में प्रतीक्षा सूची भी जारी की जाएगी।

अन्य महत्वपूर्ण शर्तें

पूर्व में किसी अन्य छात्रवृत्ति अथवा स्वयं के व्यय से विदेश में अध्ययन कर रहे या अध्ययन पूर्ण कर चुके अभ्यर्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं प्रवेश प्रस्ताव पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी और आवेदन www.nosmosje.gov.in पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। अमेरिका में अध्ययन हेतु केवल J-1 वीजा मान्य होगा तथा पाठ्यक्रम या विश्वविद्यालय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं।



Post a Comment

0 Comments