शाहजहांपुर, 30 जनवरी।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विधान सभा-131 कटरा एवं विधान सभा-133 तिलहर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 (SSIR) के अंतर्गत नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई एवं उन पर निर्णय संबंधी बिंदुओं पर विचार-विमर्श हेतु कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान विधानसभा तिलहर के सुपरवाइजर शिवम राठौर (लेखपाल) द्वारा एसएसआईआर कार्य में रुचि न लेने पर जिलाधिकारी ने उनके निलंबन के निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ मोहम्मद अली द्वारा भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने एईआरओ को निर्देशित किया कि नियमित सुपरवाइजर, बीएलओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर नोटिस सुनवाई कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस की सुनवाई के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत दस्तावेज ही मतदाताओं से प्राप्त किए जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई के साथ-साथ अब लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी (तार्किक विसंगतियों) की सुनवाई हेतु भी नोटिस जारी करना प्रारंभ करें। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में मैपिंग के उपरांत नाम में त्रुटि, माता-पिता एवं दादा-दादी की आयु में अंतर, आयु संबंधी विसंगतियां तथा एक पिता से छह मतदाताओं की मैपिंग जैसी अनियमितताओं वाले मामलों में नोटिस जारी कर सुनवाई की जाएगी। इस प्रक्रिया में बीएलओ से घोषणा पत्र लेना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में एसएसआईआर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी कलान अभिषेक प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी तिलहर सदानंद सरोज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments