शाहजहांपुर, 19 फरवरी। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस आयोजित किया जाता है। बैठक में किसानों ने कार्बन क्रेडिट से मिलने वाले लाभ की जानकारी देने की मांग की। इस पर वन विभाग के उप क्षेत्रीय अधिकारी अजय सिंह राना ने बताया कि जिन किसानों के खेतों में यूकेलिप्टस और पॉपलर के पेड़ दर्ज हैं, वे संबंधित वन विभाग कार्यालय में आवेदन कर ऑनलाइन सर्वे एवं बैंक विवरण दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद भारत सरकार द्वारा समय-समय पर कार्बन क्रेडिट की धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी।
जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देश दिए कि कार्बन क्रेडिट हेतु किसान पंजीकरण के लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा की जाए। बैठक में कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं।
कृषक पंकज दीक्षित ने ददिउरा गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास लगे बिजली के खंभे को हटाने की मांग की। वहीं, भारतीय किसान यूनियन के प्रभारी प्रेम शंकर बाजपेयी ने गलत बिजली बिलों को सुधारने का मुद्दा उठाया। ग्राम चचुआपुर के ग्रामीणों ने गंगा घाट दहेलिया तक जाने वाले लगभग 2.50 किलोमीटर लंबे चकरोड की मरम्मत कराने की मांग की।
इसके अतिरिक्त, वेदपाल सिंह ने दौलतपुर से सिंधीपुर तक सड़क किनारे वृक्षारोपण कराने, शिवम ने 11000 वोल्ट लाइन को घरों के ऊपर से हटाने तथा श्रीराम ने सागौन के पेड़ों की कटाई की अनुमति देने की मांग की।
बैठक के अंत में जिला कृषि अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं उपस्थित कृषकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सहित कृषि, सहकारिता, उद्यान, गन्ना, पशुपालन, मत्स्य, सिंचाई, विद्युत, मनरेगा, खाद्य विपणन, नेडा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
प्रयागराज
0 Comments