स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर | 16 फरवरी 2026
रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति 17 से 19 फरवरी 2026 तक लखनऊ एवं शाहजहाँपुर का भ्रमण करेंगे।
कार्यक्रम के तहत 17 फरवरी को पूर्व राष्ट्रपति सुबह नई दिल्ली से रवाना होकर लखनऊ पहुंचेंगे और वहां से राज्य हेलीकॉप्टर द्वारा शाहजहाँपुर आएंगे। शाहजहाँपुर पहुंचने के बाद वे रिलायंस गेस्ट हाउस में ठहरेंगे तथा श्री राम चंद्र मिशन आश्रम के 50वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
18 फरवरी को भी पूर्व राष्ट्रपति आश्रम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे और रात्रि विश्राम शाहजहाँपुर में ही करेंगे। इसके बाद 19 फरवरी को वह पुनः लखनऊ होते हुए नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
पूर्व राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्हें “जेड प्लस” श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम स्थलों, मार्गों एवं हेलिपैड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें चिकित्सा व्यवस्था, एम्बुलेंस, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा के विशेष प्रबंध शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सभी तैयारियां तय मानकों के अनुरूप तेजी से पूर्ण की जा रही हैं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
0 Comments