Breaking News

अवैध अफीम तस्करी का खुलासा, 417 ग्राम मादक पदार्थ सहित एक तस्कर गिरफ्तार


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

जनपद शाहजहाँपुर | दिनांक 19.02.2026

शाहजहाँपुर, 19 फरवरी। थाना रोजा पुलिस टीम ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 417 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना रोजा के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम को यह सफलता प्राप्त हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 फरवरी 2026 को थाना रोजा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान क्षेत्र में गश्त पर थी। तभी मुखबिर की सूचना पर रेलवे ग्राउंड स्लीपर के पास से अभियुक्त उदयवीर उर्फ बब्लू (उम्र करीब 40 वर्ष), निवासी करदौला थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहाँपुर को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 417 ग्राम अफीम, एक कीपैड मोबाइल फोन, एक ड्राइविंग लाइसेंस तथा 160 रुपये नगद बरामद हुए। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रोजा में मु0अ0सं0 77/26 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अफीम झारखंड से आने वाले अज्ञात व्यक्तियों से खरीदता था और इसे रास्ते में गुजरने वाले पंजाब के ड्राइवरों को बेचता था, जिससे उसका जीवन यापन चलता था।

अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने उसे विधिक कार्यवाही के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उप निरीक्षक सौरभ शुक्ला, कांस्टेबल विकास नागर एवं कांस्टेबल सुशील कुमार की टीम शामिल रही।

Post a Comment

0 Comments