ब्यूरो रिपोर्ट: आनंद राजपूत
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के मोहान रोड स्थित फतेहगंज में बदहाल सड़क एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। विगत कई महीनों से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर स्थानीय लोग लगातार शिकायतें और सवाल उठाते रहे हैं, लेकिन प्रशासन की चुप्पी अब लोगों की नाराज़गी में बदलती दिख रही है।
आज शाम एक भूसे से भरा ट्रक गड्ढों से भरी सड़क पर संतुलन खो बैठा और पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर भूसा फैल गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में जाम की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई परत के कारण भारी वाहन अक्सर असंतुलित हो जाते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक यातायात बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि फतेहगंज की इस बदहाल सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments