Breaking News

वन रक्षक पर अवैध कटान के आरोप, परमिट से अधिक पेड़ कटवाने का मामला

 


ब्यूरो रिपोर्ट: पप्पू कुमार चौहान, सीतापुर ✍️ 

सीतापुर | 16 फरवरी 2026

सीतापुर जनपद के सकरन क्षेत्र में वन विभाग के एक कर्मी पर अवैध रूप से पेड़ों की कटान कराने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रेंज बिसवां अंतर्गत ग्राम बारासिंघा, गनेशी पुरवा एवं पचदेवरा में वन रक्षक अकील अहमद की कथित मिलीभगत से प्रतिबंधित प्रजातियों के पेड़ों की कटाई की गई। आरोप है कि 5 पेड़ों के परमिट पर करीब 10 से अधिक पेड़ कटवा दिए गए, जबकि कुछ पेड़ों की जड़ें तक खुदवाकर गायब कर दी गईं, जिसकी तस्वीरें कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है।

स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सागौन, जामुन और महुआ जैसे कीमती पेड़ों को ठेकेदार द्वारा कटवाया गया। बताया जा रहा है कि संबंधित वन कर्मी ठेकेदार के साथ मिलीभगत कर अवैध कटान को बढ़ावा दे रहा है।

यह भी आरोप है कि जब से संबंधित वन रक्षक की तैनाती महराजनगर व सांडा बीट में हुई है, तब से क्षेत्र में अवैध कटान के मामलों में वृद्धि हुई है।

परमिट को लेकर उठे सवाल

बारासिंघा लहसा पुलिया के पास जामुन के पेड़ों की कटान के मामले में वन कर्मी द्वारा सभी पेड़ों का वैध परमिट होने का दावा किया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित संख्या से अधिक पेड़ काटे गए हैं, जिससे पूरे मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।

कार्रवाई की मांग

घटना सामने आने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

वन विभाग की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Post a Comment

0 Comments