लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे को लेकर राज्य सरकार ने कड़ा संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने और चाइनीज़ मांझे की तलाश में व्यापक छापेमारी करने के आदेश दिए हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज़ मांझे से होने वाली मौत को अब सामान्य हादसा नहीं, बल्कि हत्या माना जाएगा। इस संबंध में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई की उच्चस्तरीय समीक्षा भी की जाएगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में चाइनीज़ मांझा पहले से ही प्रतिबंधित है, इसके बावजूद कई स्थानों पर इसकी बिक्री जारी थी। हाल ही में लखनऊ में चाइनीज़ मांझे से एक युवक की मौत के बाद सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है।
अब चाइनीज़ मांझा बेचने, रखने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग न करें और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
0 Comments