Breaking News

होली को लेकर प्रशासन सतर्क, तिलहर में होलिका जुलूस मार्ग का संयुक्त निरीक्षण

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर

आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी तिलहर ने तहसीलदार, विद्युत विभाग, जल निगम और नगरपालिका अधिकारियों के साथ प्रस्तावित होलिका जुलूस मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग के प्रारंभिक स्थल से लेकर समापन बिंदु तक प्रमुख रास्तों, चौराहों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का गहन जायजा लिया गया। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और जनसुविधाओं को लेकर विशेष निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग को झूलते तारों और असुरक्षित पोलों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, वहीं जल निगम और नगरपालिका को साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, नालियों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात डायवर्जन प्लान को पहले से तैयार कर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।

संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर होली को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि होली पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।


Post a Comment

0 Comments