ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आवास सेक्टर-के 950, आशियाना में “आभार दिवस” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी और करीब पाँच घंटे तक लोगों का शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, महिला विकास, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई नई पहलों की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने 3 नए “रण बहादुर सिंह (आरबीएस) डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ एम्पावरमेंट सेंटर” का लोकार्पण किया। इससे पहले भी उनके प्रयासों से क्षेत्र में 14 सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जहां युवाओं को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित लर्निंग और रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विधायक ने 10 नए “तारा शक्ति सिलाई केंद्र” स्थापित करने की घोषणा की। इससे पहले उनकी पहल पर स्थापित 162 तारा शक्ति सिलाई केंद्रों के माध्यम से अब तक 1700 से अधिक सिलाई मशीनें वितरित की जा चुकी हैं, जिससे सैकड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को बढ़ाते हुए सरोजनीनगर क्षेत्र के 43 विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा और डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में 25 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप और 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। विधायक की पहल पर अब तक क्षेत्र के 1700 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है।
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “सेफ सरोजनी नगर अभियान” की भी शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत युवाओं और कार्यकर्ताओं को 1000 हेलमेट वितरित किए गए। इस अभियान का उद्देश्य “हर नागरिक सुरक्षित, हर परिवार सुरक्षित” का संदेश देना है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए विधायक ने कदंब के पौधों का वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की, जिसके तहत 100 पौधे लगाए गए। यह पहल उनके “नेट जीरो सरोजनी नगर” लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
युवा गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 10 नए यूथ क्लब स्थापित करने और उन्हें स्पोर्ट्स किट प्रदान करने की भी घोषणा की गई। इससे पहले उनके प्रयासों से क्षेत्र में 282 स्पोर्ट्स क्लब स्थापित किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही क्षेत्र के 5 मंदिरों में 5 हैंडपंप स्थापित कराने की घोषणा भी की गई। डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों से अब तक सीएसआर और विधायक निधि के माध्यम से सरोजनीनगर क्षेत्र में 360 हैंडपंप लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा दो सौ से अधिक मंदिरों में सोलर लाइट, बैठने की बेंच, हैंडपंप और रंगाई-पुताई के माध्यम से जीर्णोद्धार का कार्य कराया गया है।
इस अवसर पर विधायक ने गौरी, कानपुर रोड स्थित सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में राशन वितरित कर अन्नदान भी किया और वहां रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जाना।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए आने वाले वर्षों के विकास के रोडमैप पर भी चर्चा की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों की यात्रा केवल उपलब्धियों की नहीं बल्कि जनता के विश्वास, सहयोग और सहभागिता की कहानी है। उनका संकल्प है कि सरोजनीनगर को उत्तर प्रदेश का एक आदर्श, विकसित और सशक्त विधानसभा क्षेत्र बनाया जाए, जहां शिक्षा मजबूत हो, युवा सक्षम हों, समाज सुरक्षित हो और पर्यावरण संरक्षित रहे।
0 Comments