ब्यूरो रिपोर्ट: पप्पू कुमार चौहान, सीतापुर ✍️
Sitapur। जनपद के सकरन क्षेत्र में गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए रविवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जब समाजसेवी डॉ. लीलाधर राज के प्रयासों से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 250 मरीजों की मुफ्त जांच, परामर्श और दवाइयों का वितरण किया गया, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को राहत मिली।
यह स्वास्थ्य शिविर एक्विटी हेल्थकेयर के सहयोग से Singhapur स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर परिसर में आयोजित किया गया। सुबह से ही यहां मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज गांवों से पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से अपनी बीमारियों की जांच कराई और मुफ्त दवाइयां प्राप्त कीं।
शिविर में डॉ. मेजर विशाल गुप्ता (नेत्र सर्जन एवं रेटिना विशेषज्ञ) ने आंखों से संबंधित रोगों की जांच कर मरीजों को उचित उपचार और सलाह दी। वहीं डॉ. आकांक्षा गुप्ता (पैथोलॉजिस्ट), डॉ. पी. के. मिश्रा और डॉ. अनामिका त्रिपाठी ने विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उनका इलाज किया। डॉक्टरों की टीम ने 250 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।
शिविर के आयोजक समाजसेवी डॉ. लीलाधर राज ने बताया कि गांजर क्षेत्र आर्थिक रूप से कमजोर है और यहां कई लोग आर्थिक तंगी के कारण समय पर जांच और इलाज नहीं करा पाते। ऐसे में जरूरतमंदों की सेवा करना ही उनका उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि ईश्वर ने जो समय और अवसर दिया है, उसके अनुसार वह मानवता की सेवा करने का प्रयास कर रहे हैं। जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर गरीबों की मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म है और यह सेवा आगे भी जारी रहेगी।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से गरीबों को बड़ी राहत मिलती है और उन्हें बिना खर्च के विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज मिल जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होते रहेंगे।
0 Comments