स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
Shahjahanpur। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में Uttar Pradesh Police Recruitment and Promotion Board द्वारा आयोजित उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर गठित परीक्षा चयन समिति और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 14 मार्च से 15 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद में परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा अतिरिक्त सहायक केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती कर दी गई है। परीक्षा से संबंधित प्रश्न पुस्तिकाओं को कंट्रोल रूम से सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और वापस लाने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं पहले से ही पूर्ण कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि सभी मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक निर्देश पुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन कर लें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर पहले ही स्पष्ट कर लें। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।
जनपद के परीक्षा केंद्रों में आर्य महिला इंटर कॉलेज (240), आर्य महिला पीजी कॉलेज (480), देवी प्रसाद कॉलेज (240), जीएफ कॉलेज ब्लॉक-1 (480), जीएफ कॉलेज ब्लॉक-2 (480), राजकीय इंटर कॉलेज (240), राजकीय पॉलिटेक्निक (240), इस्लामिया इंटर कॉलेज (480), जनता इंटर कॉलेज (240), श्री हर कुमार पाठक कन्या इंटर कॉलेज (240), स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज (240), स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज ब्लॉक-ए (480) तथा स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज ब्लॉक-बी (480) शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 4560 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राशिद अली, एसपी सिटी देवेन्द्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार सहित सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments