स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
Shahjahanpur। आगामी 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली यूपीएसआई भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारी (ई), उप जिलाधिकारीगण तथा परीक्षा ड्यूटी से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ परीक्षा केंद्रों की तैयारियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखा जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्त रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि परीक्षा के दिनों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन किया जाएगा, जिससे परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।
0 Comments