शाहजहाँपुर, 17 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अधीन संचालित इस मिशन का उद्देश्य अल्पशिक्षित एवं स्कूल छोड़ चुके 14 से 35 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कौशल विकास मिशन के अंतर्गत स्टेट स्किल डेवलपमेंट फंड (SSDF), प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) का राज्य घटक तथा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा विश्व बैंक पोषित ‘संकल्प परियोजना’ के माध्यम से स्किल इकोसिस्टम को मजबूत करने और महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए विशेष कार्यक्रम भी चलाए गए।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी पढ़ाई के साथ ही निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक 315 विद्यालयों के 26 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 3450 छात्राओं को भी प्रशिक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017-18 से अब तक 14 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 6 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार भी प्राप्त हुआ है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर आधार आधारित बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
युवाओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) पोर्टल भी विकसित किया गया है, जिससे वे कहीं भी और कभी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही जे.के. इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नीशियन ट्रेनिंग, कानपुर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पिंक बस सेवा हेतु महिला चालकों का विशेष प्रशिक्षण भी कराया गया है, जिसमें अब तक 15 महिला चालकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मिशन द्वारा बड़े पैमाने पर रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जा रहा है। वर्ष 2017-18 से अब तक 186 वृहद रोजगार मेलों के माध्यम से 4.32 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। वहीं वर्ष 2023-24 में आयोजित 1624 रोजगार मेलों में 2.26 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया। चालू वित्तीय वर्ष में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर आयोजित रोजगार मेलों में 20,997 युवाओं को रोजगार मिला।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन प्रदेश के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बना रहा है, बल्कि राज्य की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
0 Comments