शाहजहांपुर। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में “सम्भव” (सिस्टेमैटिक एडमिनिस्ट्रेटिव मैकेनिज्म, ब्रिजिंग हैपीनेस एंड वैल्यू) कार्यक्रम के अंतर्गत जन सुनवाई दिवस आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें नगर क्षेत्र के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जन सुनवाई दिवस के दौरान नागरिकों द्वारा साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, नाली निर्माण एवं कर विभाग से संबंधित समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत की गईं। नगर आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 07 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता (सिविल) आशीष त्रिवेदी, लेखाधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन ने जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
0 Comments