शाहजहाँपुर, 26 अप्रैल।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी, वांछित/वारंटी अभियुक्तों की तलाश तथा चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने चोरी की गई एक स्कूटी (एक्टिवा) को बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा, बंका घाट निवासी राहुल वाजपेई पुत्र रामजी लाल बाजपेई ने दिनांक 25 अप्रैल 2026 को रात 11:23 बजे थाना कोतवाली पर लिखित तहरीर देकर बताया कि उनकी ग्रे रंग की स्कूटी एक्टिवा (रजिस्ट्रेशन नंबर UP27AB 9391) अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई है। इस संबंध में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 120/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और मात्र 09 घंटे 55 मिनट के भीतर दिनांक 26 अप्रैल 2026 को सुबह 09:18 बजे मुखबिर की सूचना पर नई गौशाला से लगभग 50 मीटर आगे दाहिनी ओर खेतों के बीच बनी पगडंडी से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में फैसल पुत्र मोहम्मद आरिफ निवासी अंटा चौराहा, पानी की टंकी के सामने, मोहल्ला बिजलीपुरा थाना कोतवाली तथा गुफरान पुत्र लतीफ निवासी मोहल्ला मिश्रीपुर थाना आरसी मिशन शामिल हैं। दोनों की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी एक्टिवा (रजिस्ट्रेशन नंबर UP27AB 9391) बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल नदीम, कांस्टेबल हिमांशु तथा कांस्टेबल नरेंद्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments