शाहजहाँपुर, 26 अप्रैल।
जनपद में जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस ने 26 अप्रैल 2026 को कुल 20 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर सफल निस्तारण किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु यह विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के नोडल अधिकारी के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।
अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ता के पास पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
दिनांक 26 अप्रैल को चलाए गए अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 20 शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान किया गया। इस प्रक्रिया में पुलिस शिकायतकर्ता के घर या संबंधित स्थान पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत करती है, आवश्यक जांच करती है तथा फीडबैक लेकर समाधान सुनिश्चित करती है।
इस विशेष अभियान से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रही है, जिससे आमजन को राहत मिलने के साथ पुलिस व्यवस्था में विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की यह प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments