Breaking News

3 अप्रैल से ‘बलरामपुर महोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन, तीन दिन तक सजेगी संस्कृति और संगीत की महफिल

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं और विकास की नई उड़ान को प्रदर्शित करने के लिए ‘बलरामपुर महोत्सव-2026’ का आयोजन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक बड़े परेड ग्राउंड में किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में कला, संगीत, साहित्य और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

महोत्सव के प्रथम दिवस 3 अप्रैल को भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर मालविका हरिओम की प्रस्तुति के बाद प्रसिद्ध गायक हेमंत बृजवासी अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं तृप्ति शाक्या द्वारा भजन संध्या और रामायण पर आधारित कथक नृत्य नाटिका भी मुख्य आकर्षण रहेगी।

दूसरे दिन 4 अप्रैल को ‘बॉलीवुड नाइट’ का आयोजन होगा, जिसमें मशहूर गायक अल्ताफ राजा अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में डॉ. सुनील जोगी, दिनेश रघुवंशी और अनिल अग्रवंशी जैसे प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

महोत्सव के अंतिम दिन 5 अप्रैल को ‘भोजपुरी नाइट’ का आयोजन होगा, जिसमें लोकगायिका कल्पना पटवारी अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा कुलदीप चौहान, जतिन निगम और अभिषेक राजपूत भी अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। हास्य कलाकार सुनील पाल का कॉमेडी शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

महोत्सव में संगीत और मनोरंजन के साथ-साथ पुस्तक मेला, विज्ञान प्रदर्शनी, बच्चों के लिए झूले, फूड स्टॉल, पपेट शो, लकी ड्रा, आतिशबाजी और स्काई लालटेन शो का भी आयोजन किया गया है। प्रतिदिन सुबह विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस महोत्सव में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। महोत्सव प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।

Post a Comment

0 Comments