Breaking News

कटरा पुलिस ने बारात में दूल्हे पर हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार किए

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 26 अप्रैल। थाना कटरा पुलिस ने बारात के दौरान दूल्हे पर हमला कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की कोशिश करने के मामले में तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त भैंस की शांकर भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी तिलहर तथा प्रभारी निरीक्षक थाना कटरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 20 अप्रैल 2026 को वादी के पुत्र सौरभ की बारात ग्राम लाईखेड़ा में राजपाल पुत्र रामसिंह यादव के दरवाजे के सामने पहुंची थी। इसी दौरान अभियुक्तगण राजपाल समेत अन्य लोगों ने दूल्हे की बग्गी रोककर जातिसूचक शब्द कहे और अपमानित किया। विरोध करने पर वादी, उसके भाई विनोद, पुत्र सौरभ और सचिन के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और घूंसों से मारपीट की गई।

आरोप है कि अभियुक्तों ने दूल्हे सौरभ को बग्गी से उतारकर भैंस की शांकर से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में थाना कटरा पर मु0अ0सं0 110/26 धारा 191(2)/109(1)/115(2)/352/351(3)/126(2) बीएनएस तथा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मुकदमे में वांछित अभियुक्त राजपाल पुत्र रामसिंह यादव (50 वर्ष), सुमित पुत्र राजपाल (22 वर्ष) और अवधेश पुत्र राजपाल (28 वर्ष), निवासी ग्राम लाईखेड़ा, थाना कटरा को मुखबिर की सूचना पर 26 अप्रैल 2026 को समय करीब 1:07 बजे ग्राम लाईखेड़ा के बाहर रोड से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद भैंस की शांकर भी बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सागर मानव, कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल प्रवीन शर्मा तथा कांस्टेबल संदीप सिंह शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments