Breaking News

🌳 12 जुलाई को होगा वृहद वृक्षारोपण महाअभियान, शाहजहाँपुर में उद्यान विभाग देगा निःशुल्क पौधे

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनपद में 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 को सफल बनाने के लिए उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का निःशुल्क एवं सशुल्क वितरण शुरू किया गया है। अभियान के तहत सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, रेलवे, रक्षा प्रतिष्ठानों, सहकारी समितियों, किसानों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला उद्यान अधिकारी पुनीत कुमार पाठक ने बताया कि विभाग के लक्ष्य के अनुसार अमरूद, आंवला, बेल, नींबू, सहजन, जामुन, कटहल, करौंदा सहित अन्य बीजू एवं कलमी पौधों का वितरण किया जाएगा।

पौधों का वितरण निम्न राजकीय पौधशालाओं से किया जा रहा है—

📍 राजकीय पौधशाला, पुवायाँ (खुटार रोड)
📍 राजकीय पौधशाला, पैंतापुर, ददरौल

जिला उद्यान अधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, निराई-गुड़ाई एवं देखभाल भी सुनिश्चित करें, ताकि लगाए गए पौधों की शत-प्रतिशत जीवितता बनी रहे।

उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं अपनी आवश्यकता के अनुसार मांग पत्र कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, विकास भवन, शाहजहाँपुर में जमा कर पौधे प्राप्त कर सकते हैं।

पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए जिला उद्यान विभाग ने सभी नागरिकों से इस जनअभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया है।

Post a Comment

0 Comments