ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की अध्यक्षता में तहसील बलरामपुर सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थना पत्रों का स्वयं अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राप्त शिकायतों में से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने भूमि विवादों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर देते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करे तथा दोनों पक्षों को सुनकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिक विवाद वाले गांवों में विशेष राजस्व चौपाल आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान ग्राम बरईपुर निवासी कमला प्रसाद के एक प्रार्थना पत्र पर 36 वर्ष पुरानी राजस्व अभिलेख की लिपिकीय त्रुटि का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वर्ष 1990 से खतौनी में दर्ज गलत स्थायी पते को आवश्यक जांच एवं सत्यापन के बाद तत्काल संशोधित कर दिया गया, जिससे आवेदक को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिली।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि आमजन को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments