ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद में आबकारी व्यवस्था को पारदर्शी, नियमबद्ध एवं उपभोक्ता हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने भगवतीगंज स्थित देशी शराब एवं कंपोजिट शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया।
जिलाधिकारी ने दुकानों पर प्रदर्शित रेट सूची, लाइसेंस, बिक्री रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मूल्य सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित रहे, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कैमरे लगातार संचालित रहें तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए, जिससे किसी भी शिकायत या अनियमितता की स्थिति में जांच की जा सके।
उन्होंने शराब के उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसे स्टॉक रजिस्टर से मिलाया तथा ई-पॉस मशीन के माध्यम से की जा रही बिक्री प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। साथ ही शराब की बोतलों पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन कर उनकी प्रामाणिकता की जांच की और अवैध अथवा मिलावटी शराब की संभावना को भी परखा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि ओवररेटिंग, स्टॉक में गड़बड़ी, अवैध बिक्री या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में आबकारी व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप बनाए रखने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments