Breaking News

शिकायतकर्ता के दरवाजे पहुंची शाहजहाँपुर पुलिस, 37 जनशिकायतों का मौके पर निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

एसपी सौरभ दीक्षित के विशेष अभियान से फरियादियों को राहत, अब बार-बार थाने के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता लाने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 जुलाई को कुल 37 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान और थाना प्रभारियों को प्रतिदिन कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों के समाधान की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस टीम स्थलीय निरीक्षण के साथ दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान की स्थिति भी सुनिश्चित कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

शाहजहाँपुर पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य फरियादियों को मौके पर ही बेहतर, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है।

Post a Comment

0 Comments