Breaking News

दहेज की मांग को लेकर पत्नी की हत्या का आरोप, दो नामजद अभियुक्त गिरफ्तार

 

✍️ ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर

पुलिस के अनुसार चार पहिया वाहन की मांग को लेकर था विवाद, कोतवाली देहात पुलिस ने की कार्रवाई

बलरामपुर। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या के मामले में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम मधपुर निवासी आस मोहम्मद ने तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन का विवाह 11 जून 2019 को हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित और मारपीट की जाती थी। 7 जुलाई 2026 को विवाहिता की मृत्यु की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव घर के अंदर मिला। परिजनों ने पति एवं अन्य ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया।

मामले में थाना कोतवाली देहात पर मु0अ0सं0 288/2026, धारा 85/103(1) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11 जुलाई 2026 को ग्राम बल्दीडीह रघवापुर से नामजद अभियुक्त अफसर पुत्र मैनुद्दीन और सद्दाम पुत्र मैनुद्दीन को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त अफसर ने बताया कि चार पहिया वाहन की मांग को लेकर पत्नी से विवाद होता था। पुलिस का दावा है कि अभियुक्त ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या करने और घटना को सामान्य मृत्यु का रूप देने के उद्देश्य से शव को पुराने घर के पास चारपाई पर रखने की बात स्वीकार की है।

पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments