ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाड़ी सीतापुर ✍️
सीतापुर। विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत किरतापुर में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निर्मित कूड़ाघर में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रधान और सचिव ने निर्माण कार्य पूर्ण किए बिना ही लगभग ₹4,13,673 का भुगतान करा लिया। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से कर उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत किरतापुर में वित्तीय वर्ष 2025-26 में कूड़ाघर निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि निर्माण स्थल पर केवल चारदीवारी खड़ी कर तीन शेड के लिए एंगल लगाए गए, जबकि टीन शेड, फर्श और इंटरलॉकिंग का कार्य नहीं कराया गया।
शिकायती पत्र के अनुसार विभिन्न मदों में भुगतान किया गया, जिसमें हैंडपंप, गेट एवं बाउंड्रीवाल के लिए ₹2,63,387, इंटरलॉकिंग के लिए ₹52,421, मिट्टी पटाई के लिए ₹66,384 तथा हैंडपंप स्थापना के लिए ₹31,482 का भुगतान दर्शाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगाया गया हैंडपंप शुरू होने से पहले ही खराब हो गया, जबकि फर्श का निर्माण न होने से कूड़ाघर परिसर में झाड़ियां उग आई हैं और निर्माण अधूरा पड़ा है।
ग्रामीण उमेश कुमार, जितेंद्र कुमार, गुड्डू, बबलू सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments