ब्यूरो रिपोर्ट राजन भारती लखनऊ ✍️
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना कैसरबाग क्षेत्र में साले पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसीपी कैसरबाग नवरत्न गौतम के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को तालाब गगनी, शुक्ला मॉडल हाउस निवासी श्रीमती आफरीन हुसैन ने कैसरबाग थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पति फज़ील हुसैन पर उनके जीजा मोहम्मद इल्यास उर्फ अत्तू ने घर में घुसकर रिवॉल्वर से कई राउंड फायरिंग की, जिसमें फज़ील हुसैन के सीने में गोली लग गई। तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सफेद स्कूटी से अपने अधिवक्ता से मिलने तथा न्यायालय में आत्मसमर्पण करने जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर कैसरबाग पुलिस ने परिवर्तन चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद इल्यास उर्फ अत्तू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी लंबे समय से बच्चों के साथ मायके में रह रही थी और उसका साला भी पत्नी का साथ दे रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने करीब ₹70 हजार में .32 बोर की फैक्ट्री मेड रिवॉल्वर खरीदी और 8 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे ससुराल पहुंचकर दरवाजा खुलते ही कई गोलियां चला दीं। वारदात के बाद वह फरार हो गया था और बाद में अदालत में सरेंडर करने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की एक फैक्ट्री मेड रिवॉल्वर, दो खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UP32 QP 4229) बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments