स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 06 जुलाई 2026। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की संभव अभियान 6.0 एवं जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलाई से सितंबर तक संचालित होने वाले संभव अभियान 6.0 की कार्ययोजना तथा विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायतीराज विभाग सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ई-कवच पोर्टल पर चिन्हित सभी गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराया जाए तथा प्रत्येक माह उनका नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि एचएमआईएस पोर्टल के माध्यम से धात्री महिलाओं को आयरन-फोलिक एसिड (IFA) की गोलियां उपलब्ध कराई जाएं तथा पोषण ट्रैकर ऐप पर गर्भवती महिलाओं की चौथी प्रसव पूर्व जांच (ANC), टीएचआर वितरण एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पात्र महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पोषण ट्रैकर ऐप की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पंजीकृत धात्री महिलाओं के 0 से 6 माह तक के सभी बच्चों का पंजीकरण एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। साथ ही प्रत्येक परियोजना में एक विभागीय भवन को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने तथा सभी मुख्य सेविकाओं को अपने-अपने सेक्टर में कम से कम एक आदर्श केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर ऐप पर नियमित फीडिंग नहीं कर रहीं या कार्य के प्रति उदासीन हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके मानदेय पर रोक लगाने तथा आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता (विद्युत), सहायक अभियंता (लघु सिंचाई), जिला पंचायती राज अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार ने किया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments