Breaking News

सीएम डैशबोर्ड में शाहजहाँपुर प्रदेश में प्रथम, प्रमुख सचिव ने की विकास कार्यों की समीक्षा

 

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली और निर्माण परियोजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों को दिए निर्देश

शाहजहाँपुर। प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी मनीष चौहान की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड, कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली, विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने विभिन्न विभागों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान बताया गया कि सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में शाहजहाँपुर ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जननी सुरक्षा योजना में ग्रेड-बी और सीएमआईएस में ग्रेड-सी की स्थिति रही।

प्रमुख सचिव ने आबकारी, स्टाम्प, खनन, मंडी, राज्य कर और नगर निगम की राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एससी-एसटी से जुड़े मामलों, गंभीर अपराध, गुंडा एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस, गैंगस्टर और फ्रॉड सहित विभिन्न मामलों में की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली गई। प्रमुख सचिव ने अपराधों में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मेडिकल कॉलेज, सेतु, अस्पताल सहित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने जनपद के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रदेश में प्रथम रैंक हासिल करने पर अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनहित के कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, डीएफओ सचिन कुमार, एसपीआरए सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments